देश में मिले 52 नए कोयला भंडार
जमशेदपुर
First Published:13-04-11
देश में कोयला के 52 नए भंडार ढूंढे गए हैं जिनमें से लगभग आधे खनिज बहुल राज्य झारखंड में हैं। कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि 52 नए भंडारों ब्लॉक में से लगभग 25 झारखंड में है। उन्होंने बताया कि सरकार देश में पहले से आवंटित 208 कोयला ब्लॉक से अपेक्षित उत्पादन परिणाम नहीं मिलने के कारणों की भी समीक्षा कर रही है। इनमें से जिन ब्लॉक से बिना किसी उचित कारण के उत्पादन सही ढंग से नहीं किया गया है उन्हें रद करने की प्रक्रिया भी चल रही है।
यह पूछे जाने पर कि कोयले की रॉयल्टी बढ़ाने की राज्य सरकारों की मांग पर केंद्र सरकार क्या कदम उठा रही है। जायसवाल ने कहा कि रॉयल्टी की समीक्षा प्रत्येक तीन साल पर की जाती है और इस वर्ष यह समयावधि पूरी हुई है। सरकार इससे संबंधित सभी मामलों पर गौर कर रही है।
एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि कोयला उत्पादन में वन भूमि संबंधी अड़चने नक्सलवाद और कानून व्यवस्था संबंधी अन्य समस्याएं तथा सरकारी लाल फीताशाही भी जिम्मेदार हैं। झारखंड जैसे राज्य में माओवादी उग्रवाद के कारण कोयला उत्पादन प्रभावित हुआ है। वह राज्य सरकार से यहां कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की अपील करते हैं।